ऊधम सिंह नगर। जिले में घरेलू गैस (एलपीजी) की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में एसएसपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में एसएसपी ने कहा कि घरेलू गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी के आदेशानुसार प्रत्येक क्षेत्र में एक विशेष त्वरित कार्यवाही दल (QRT) का गठन किया गया है। इस टीम में उप जिलाधिकारी को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पुलिस क्षेत्राधिकारी, खाद्य विभाग और नगर निकाय के अधिकारी भी इसमें शामिल रहेंगे। यह टीम गैस एजेंसियों और गोदामों का नियमित व आकस्मिक निरीक्षण करेगी।
इसके साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर हर गैस गोदाम पर एक पुलिस कर्मी और राजस्व कर्मी की तैनाती की गई है, जो दो पालियों में ड्यूटी करेंगे। तैनात पुलिस बल गैस की आमद और वितरण के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखेगा ताकि उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के सिलेंडर मिल सके।
एसएसपी अजय गणपति ने अपील करते हुए कहा कि गैस की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




