गदरपुर में परिवार पर 30 राउंड फायरिंग का आरोप, घर में घुसकर तोड़फोड़ से दहशत; शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिवार ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

Share the news

गदरपुर में परिवार पर फायरिंग का आरोप, कोतवाली में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
गदरपुर। गदरपुर क्षेत्र के खुशहालपुर सरोवर नगर में एक परिवार पर कथित जानलेवा हमले और अंधाधुंध फायरिंग का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गदरपुर कोतवाली में शिकायत देने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
खुशहालपुर सरोवर नगर निवासी गुरदेव सिंह पुत्र बलवंत सिंह ने एसएसपी को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि 14 मई की रात करीब 10 बजे वह परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान 8 नामजद और 6-7 अज्ञात लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने करीब 20 से 30 राउंड फायर किए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
पीड़ित के अनुसार आरोपी मुख्य गेट तोड़कर घर में घुस आए और घर में खड़ी बाइक के अलावा इलेक्ट्रॉनिक सामान में जमकर तोड़फोड़ की। गुरदेव सिंह का कहना है कि वह इलेक्ट्रॉनिक कार्य करते हैं और दुकान व सामान को नुकसान पहुंचने से परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
परिवार ने बताया कि घटना के समय छोटे बच्चे और महिलाएं भयभीत होकर छत पर छिप गए। घटना के बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो खाली खोखे भी बरामद किए गए। पीड़ित का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद गदरपुर कोतवाली पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
गुरदेव सिंह ने एसएसपी से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध हथियारों से फायरिंग, घर में घुसकर हमला, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराओं में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *