एएनटीएफ और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हुंडई एक्सटर कार से 6000 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद, 21 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार, बरेली कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस

Share the news

उधम सिंह नगर में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान को सफल बनाने के लिए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पुलिस ने किच्छा कोतवाली क्षेत्र के डीडी चौक के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने एक काले रंग की हुंडई एक्सटर कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें रखे 25 डिब्बों में कुल 6000 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद शाहबाज पुत्र लईक अहमद निवासी सिरोली कला, थाना पुलभट्टा, जिला उधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/60 के तहत गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली किच्छा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी का समय रात 11 बजकर 40 मिनट बताया गया है।

पुलिस को आरोपी के कब्जे से नशीली दवाओं के अलावा एक हुंडई एक्सटर कार, एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 51 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह ट्रामाडोल कैप्सूल अपने बड़े भाई रईस अहमद से लेकर आया था, जो इन्हें बरेली से लाया था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

यह कार्रवाई एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी, एसपी रुद्रपुर उत्तम सिंह नेगी और सीओ सितारगंज भूपेंद्र सिंह धौनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक किच्छा प्रकाश सिंह दानू और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रभारी राजेश पांडेय के नेतृत्व में की गई।

पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *