मोमोज और चाप खाने के बाद भाई-बहन की मौत, इलाके में शोक
तरनतारन: शहर के डीएसपी वाली गली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बाहर से लाए गए मोमोज और चाप खाने के कुछ ही देर बाद मासूम भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। मृतकों की पहचान 7 वर्षीय आरव और उसकी 5 वर्षीय बहन दानिका के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार शाम बच्चों ने बाहर का खाना खाने की जिद की थी। इस पर उनके पिता बाजार से मोमोज और चाप खरीदकर घर लाए। दोनों बच्चों ने खुशी-खुशी खाना खाया, लेकिन कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिवार के लोगों के अनुसार, बच्चों के शरीर पर लाल निशान भी उभर आए और उनकी हालत तेजी से बिगड़ती चली गई। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उससे पहले ही दोनों मासूमों ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने उस रेहड़ी संचालक को हिरासत में ले लिया है, जिससे मोमोज और चाप खरीदे गए थे। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए तरनतारन के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चों की मौत फूड पॉइजनिंग से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।




