नैनीताल। महिला पर्यटक से दुष्कर्म के प्रयास और लूट के मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने महिला को सुनसान सड़क पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की, दुष्कर्म का प्रयास किया और उसका मोबाइल फोन लूट लिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे दबोच लिया।
मामले का खुलासा एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने किया। उन्होंने बताया कि 5 मार्च 2026 को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची थी। इसके बाद वह ऑटो से काठगोदाम पहुंची और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराये पर ली।
आरोप है कि रात करीब 1:30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। जब महिला ने इसका विरोध किया तो चालक ने उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी ने महिला का मोबाइल फोन भी लूट लिया, ताकि वह किसी को घटना की सूचना न दे सके।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शोर मचाने पर आरोपी वहां से फरार हो गया, जिसके बाद वह डर के कारण जंगल की ओर भाग गई और पूरी रात जंगल में ही बिताई।
6 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पीड़िता की तहरीर पर थाना तल्लीताल में धारा 64, 309(6) और 137 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और वाहन संख्या UK04TB 5500 (वैगनआर) के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जीपीएस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपी दीपक सिंह बोरा (39) निवासी गुजरौड़ा फतेहपुर, थाना मुखानी को भवाली रोड स्थित पाइन्स क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पीड़िता का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया, जबकि घटना में प्रयुक्त टैक्सी को भी कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि टैक्सी चालक का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। इस मामले में टैक्सी मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


