17 वर्षीय किशोरी को कार में बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, सीसीटीवी में कैद घटना, परिजनों की गुहार पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

रुद्रपुर। आदर्श कॉलोनी निवासी फहीम खान ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री जोया खान के अपहरण का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आठ फरवरी को मलिक कॉलोनी निवासी यश घई पुत्र हरीश घई उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर कार संख्या यूपी-22-बीटी-5908 में बैठाकर ले गया।

परिजनों के अनुसार, शाम तक जब जोया घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की गई। रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क करने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें कथित तौर पर आरोपी युवक जोया को कार में ले जाता दिखाई दिया।

फहीम खान ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई करते हुए पुत्री की सकुशल बरामदगी की मांग की है। उन्होंने नाबालिगों के अपहरण और शोषण से जुड़े मामलों पर चिंता जताते हुए आरोपी यश घई के साथ वाहन चालक, उसकी मां पिंकी घई और बहन के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस टीम लड़की की तलाश में जुटी है।