रूद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प कोतवाली क्षेत्र के जगतपुरा मोहल्ले में मंगलवार देर रात हथियारबंद दबंगों के आतंक से इलाके में दहशत फैल गई। आरोप है कि कुछ हथियारबंद युवकों ने आधी रात को मोहल्ले में जमकर उत्पात मचाया और विरोध करने पर लोगों पर जानलेवा हमला कर जान से मारने की धमकियां दीं। इस हमले में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है।
आरोपों के अनुसार, जगतपुरा वार्ड संख्या 5 निवासी देवेंद्र सरकार का कुछ वर्ष पूर्व अपने एक रिश्तेदार से विवाद चल रहा था। मंगलवार की मध्य रात्रि वही रिश्तेदार अपने कुछ साथियों के साथ हथियार लेकर देवेंद्र सरकार के घर पहुंचा और गाली-गलौच करते हुए ललकारने लगा। आरोप है कि जब घर का गेट नहीं खोला गया तो हमलावरों ने गेट पर हथियारों से प्रहार शुरू कर दिए। शोरगुल सुनकर मोहल्लेवासी बाहर आए और उन्होंने इसका विरोध किया।
इसके बाद आरोप है कि दबंगों ने पुष्पा मिस्त्री, कृष्णा राय, संध्या सरकार, सुमित्र, सुकुमार मंडल सहित अन्य लोगों के घरों में घुसकर हमला किया और धमकाया। भीड़ बढ़ती देख आरोपी बाइक से फरार होने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई। आरोपी बाइक और एक हथियार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक व हथियार कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।




