रुद्रपुर से महिला अपराध से जुड़ा मामला सामने आया है, जहां शादी का झांसा देकर एक युवती का यौन शोषण किए जाने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि शादाब पुत्र बाबू खान ने उसे शादी का भरोसा दिलाकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। खुद को ठगा हुआ महसूस करने पर पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी शादाब को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
इस मामले में रुद्रपुर के क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि युवती की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। यदि कोई व्यक्ति शादी का झांसा देकर किसी युवती का शोषण करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




