उधम सिंह नगर में 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत: वीडियो कॉल के दौरान फांसी, प्रेम-प्रसंग का कोण, वायरल क्लिप से सनसनी

Share the news

उधम सिंह नगर। जिले के जसपुर विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बाजपुर गांव में 20 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय युवक कथित रूप से एक लड़की के साथ लाइव वीडियो कॉल पर था, जिसकी वायरल क्लिप ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होने की बात कह रही है।

 

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शाहनवाज पुत्र भोला के रूप में हुई है। बताया गया कि देर रात उसने अपने कमरे में फंदा लगा लिया। परिवार के सदस्यों ने जब उसके कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो वह रस्सी से लटका मिला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर दोराहा चौकी पुलिस पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि फांसी लगाने से कुछ ही क्षण पहले शाहनवाज एक लड़की से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। यह लाइव वीडियो क्लिप अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसने मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन वायरल वीडियो और परिस्थितियों को देखते हुए प्रेम-प्रसंग का कोण मजबूत माना जा रहा है।

 

परिजनों के अनुसार, शाहनवाज हैदराबाद में सैलून का काम करता था और कुछ दिनों की छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था। परिवार इस घटना से पूरी तरह सदमे में है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *