रेल ट्रैक पर चढ़े गायों के झुंड से टकराई पैसेंजर ट्रेन, सात की मौत, दो घंटे रुकी रहीं कई गाड़ियां

शनिवार सुबह लालकुआं-मुरादाबाद रेलखंड पर बड़ा हादसा टल गया। हल्दी स्टेशन से आगे अशोका लीलैंड के समीप रेल ट्रैक पर अचानक गायों का झुंड आ गया। इसी दौरान मुरादाबाद की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन वहां पहुंची और झुंड से जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में सात गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें दो सांड और पांच गायें शामिल हैं। घटना के बाद रेल यातायात करीब डेढ़ से दो घंटे तक ठप रहा।

टक्कर के बाद रुकीं कई ट्रेनें, दो घंटे बाधित रहा यातायात

घटना के बाद रेलवे की ओर से तुरंत जेसीबी मशीन मंगाकर मृत पशुओं को ट्रैक से हटाया गया। हादसे के चलते दिल्ली जाने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस लालकुआं स्टेशन पर सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक खड़ी रही।

वहीं दिल्ली से काठगोदाम आ रही जनशताब्दी एक्सप्रेस को भी रुद्रपुर स्टेशन पर सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक रोकना पड़ा। दो घंटे की मशक्कत के बाद रेलवे ने ट्रैक को क्लियर कर यातायात बहाल किया।

रेलवे ने दी सफाई — “घटनास्थल से मवेशियों को हटा कर ट्रैक किया साफ”

रेलवे के मंडल जनसंपर्क अधिकारी संजीव शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह लालकुआं-रुद्रपुर रेलखंड पर ट्रेन से टकराने के कारण कुछ पशुओं के मरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रेलवे टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से मृत मवेशियों को ट्रैक से हटवाया गया।

उन्होंने बताया कि दोनों प्रभावित ट्रेनें करीब एक घंटे की देरी से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं।