उधमसिंहनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली काशीपुर और जसपुर पुलिस टीम ने साइबर अपराध रोकथाम और डिजिटल जागरूकता के लिए भव्य रैली का आयोजन किया। इस रैली के माध्यम से जनता को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर अपराध और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस ने लोगों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए। किसी भी अजनबी के साथ बैंक विवरण, ओटीपी या यूपीआई पिन साझा न करने, केवाईसी अपडेट या लोन/इनाम के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल और लिंक से सावधान रहने, तथा अज्ञात क्यूआर कोड को स्कैन न करने की सलाह दी गई। किसी भी ऑनलाइन धोखाधड़ी की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देने की अपील की गई।
रैली में सोशल मीडिया सुरक्षित उपयोग पर भी जोर दिया गया। नागरिकों को अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट न स्वीकार करने, निजी और वित्तीय जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक या फर्जी प्रोफाइल से सतर्क रहने और अकाउंट की गोपनीयता सेटिंग्स मजबूत रखने की हिदायत दी गई।
इसके अलावा जनता को साइबर सुरक्षा उपायों जैसे मोबाइल में एंटीवायरस का प्रयोग, मजबूत पासवर्ड रखना, समय-समय पर बदलना और सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क का उपयोग न करने की जानकारी दी गई।
थाना जसपुर पुलिस टीम ने भी अपने क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाते हुए नागरिकों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से अवगत कराया।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि साइबर अपराध आज के डिजिटल युग की गंभीर चुनौती है। यदि नागरिक सतर्क रहें और पुलिस द्वारा बताए गए सुरक्षा उपायों का पालन करें, तो अधिकांश साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। उन्होंने संदेश दिया: “सुरक्षित समाज, जागरूक नागरिक”।
रैली और जागरूकता अभियान में कोतवाली काशीपुर और जसपुर पुलिस टीम के अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।




