एनएच घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, देहरादून-काशीपुर समेत नौ ठिकानों पर छापेमारी

देहरादून। उत्तराखंड के बहुचर्चित एनएच घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत कुल नौ स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। ईडी की टीमें देहरादून और काशीपुर में पीसीएस अफसर डीपी सिंह और एडवोकेट अशरफ के ठिकानों पर भी पहुंचीं।

 

वर्ष 2017 में सामने आए इस घोटाले में ऊधमसिंहनगर के तत्कालीन विशेष भूमि अधिग्रहण अधिकारी डीपी सिंह समेत कई अधिकारियों और व्यक्तियों पर सरकारी धन के दुरुपयोग और हेराफेरी के आरोप हैं। गुरुवार सुबह देहरादून के राजपुर रोड स्थित डीपी सिंह के आवास और काशीपुर में अशरफ के ठिकानों पर ईडी ने तलाशी ली।

 

देर शाम तक चली छापेमारी के दौरान ईडी ने कई अहम दस्तावेजों, प्रॉपर्टी पेपर्स और जेवरातों से जुड़ी जानकारियां जुटाई हैं। ईडी सूत्रों के मुताबिक, जांच के दायरे में कई और नाम आ सकते हैं और भविष्य में कुछ और लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

 

फिलहाल छापेमारी में मिले दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है और एनएच घोटाले में वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

Tagged