किच्छा, संवाददाता
विधायक तिलकराज बेहड़ ने आरोप लगाया कि नगर पालिका ईओ बाढ़ जैसे हालात होने के बावजूद एक हफ्ते से नदारद है। विधायक ने एसडीएम से नगरपालिका ईओ पर कारण बताओ कार्यवाही की मांग की।
मंगलवार को विधायक बेहड़ ने पुरानी गल्ला मंडी में गोला नदी के तटीय क्षेत्र और पुलभट्टा बंगाली कालोनी स्थित गोला नदी पुल पर पहुंच कर गोला नदी के बढ़े हुए जलस्तर का जायजा लिया। बेहड़ ने स्थानीय लोगो के मुलाकात करते हुए लकड़ी निकालने के प्रयास में नदी में कूद रहे बच्चो पर चिंता जताई। बेहड़ ने एसडीएम से मोबाइल पर वार्ता कर तटीय क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों की तैनाती कराने की बात कही। बेहड़ ने कहा की वर्तमान में गोला नदी की स्थिति सामान्य है। पहाडो से अधिक पानी छोड़े जाने पर नदी का जलस्तर चिंताजनक हो सकता है। बेहड़ ने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी के एक सप्ताह से शहर में उपस्थित न रहने को लेकर अपनी नाराजगी जताई। बेहड़ ने आरोप लगाया कि बाढ़ जैसे हालात होने के वाबजूद अधिशासी अधिकारी अनुपस्थित है। बेहड़ ने सभी अधिकारियों को ग्राम धौराडाम, सतुईया, चाचर, कोटखर्रा, नौगांवा, आजाद नगर, पंतनगर संजय कालोनी, मस्जिद कालोनी, हल्दी आदि में जलभराव की स्तिथि पर नजर बनाए रखने की बात कही। बेहड़ ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि उनकी पूरी पार्टी उनके साथ खड़े है।
इस दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, निवर्तमान पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, राजेश प्रताप सिंह, ओम प्रकाश दुआ, संतोष रघुवंशी, गुरप्रीत सिंह पोल्ला, दिनेश कुमार आदि रहे।




