रुद्रपुर। पंतनगर थाना क्षेत्र के शांतिपुरी में करीब एक माह पहले हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने शातिर चोर अजय उर्फ अज्जू को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए 160 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलो चांदी के जेवर और वारदात में प्रयुक्त चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 16 जून को शांतिपुरी नंबर-1 निवासी प्रकाश चंद ने तहरीर देकर बताया था कि 15-16 जून की रात अज्ञात चोर उनके नवनिर्मित मकान की खिड़की की ग्रिल और जाली हटाकर अंदर घुस गए। चोर अलमारी में रखे पत्नी, माता और बहू के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब सात से आठ लाख रुपये की नकदी भी चुरा ले गए। इस पर पंतनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी पंतनगर के पर्यवेक्षण में टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 15 जुलाई को किच्छा के गडरियाबाग निवासी अजय उर्फ अज्जू को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था। आरोपी ने चोरी की गई करीब सात लाख रुपये की नकदी अपने बैंक खातों में जमा करने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई कर रही है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में चोरी, नकबजनी और आयुध अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
100 सीसीटीवी कैमरों ने खोला लाखों की चोरी का राज, 16 तोला सोना और एक किलो चांदी उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार



