सिरौलीकला। नगर पालिका परिषद सिरौलीकला के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती राशिदा और चारों वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों को पुष्पमाला पहनाकर बधाई दी।
अध्यक्ष पद पर विजयी श्रीमती राशिदा पत्नी सईदुल रहमान के अलावा वार्ड संख्या एक मंडी वार्ड से श्रीमती शना, वार्ड संख्या दो चार बीघा वार्ड से फरियाद शाह, वार्ड संख्या तीन पंचायत घर वार्ड से श्रीमती रुखसार और वार्ड संख्या चार इंदिरा नगर वार्ड से मोहम्मद शारिक के विजयी होने पर समर्थकों में उत्साह नजर आया।
इस दौरान किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि सिरौलीकला की जनता ने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर अपना विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश उत्तराखंड की राजनीति में बदलाव का संकेत है और वर्ष 2027 में कांग्रेस की सरकार बनाने के संकल्प को मजबूती देता है।
कांग्रेस नेताओं ने चुनाव में समर्थन देने के लिए सिरौलीकला के क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
