मंदिर में सात फेरे लेने की तैयारी, मेहंदी लगे हाथों से पहले ही पहुंच गई पुलिस, रुकवाया बाल विवाह..

रुद्रपुर। हाथों में मेहंदी सज चुकी थी, हल्दी की रस्म भी पूरी हो गई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। स्वजन नाबालिग बालिका को वनखंडी मंदिर ले जाकर विवाह कराने की तैयारी में थे। सात फेरों के साथ बालिका को विवाह के बंधन में बांधने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही सखी वन स्टॉप सेंटर और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने तत्काल हस्तक्षेप कर बाल विवाह रुकवा दिया।

मामला ट्रांजिट कैंप क्षेत्र का है। शुक्रवार को सखी वन स्टॉप सेंटर रुद्रपुर को सूचना मिली कि चामुंडा मंदिर के पास एक नाबालिग बालिका का विवाह कराया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए केंद्र की टीम ने ट्रांजिट कैंप पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद युवक के घर का पता लगाकर पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने आसपास तलाश की तो बालिका युवक के पड़ोस में मिली। उस समय उसके हाथों में शादी की मेहंदी लगी हुई थी और हल्दी की रस्म भी हो चुकी थी। स्वजन उसे वनखंडी मंदिर ले जाकर विवाह कराने की तैयारी में थे।

बताया जा रहा है कि बालिका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर की रहने वाली है। वह अपने जीजा के यहां रह रही थी और जीजा ही बचपन से उसकी परवरिश कर रहे हैं। बालिका की उम्र कम होने की जानकारी मिलने के बाद टीम ने विवाह की प्रक्रिया रुकवा दी। इसके बाद उसकी सुरक्षा और संरक्षण को लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई।

सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक कविता गहलोत और केस वर्कर सीमा ने बालिका के संरक्षण की जिम्मेदारी संभाली। वहीं, कोतवाल रमेश तनवार ने बताया कि बाल विवाह रुकवा दिया गया है। अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।