मुख्यमंत्री के तोहफे की परिवहन विभाग उड़ा रहा धज्जियां, रक्षा बंधन के दिन महिलाओं से हो रही वसूली; सरकार की छवि हो रही धूमिल

देहरादून। प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेश की बहनों को दिए गए तोहफे की परिवहन विभाग खुली अवहेलना करते दिख रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेश के बाद भी परिवहन विभाग रक्षाबंधन के दिन महिलाओं से अवैध वसूली के रूप में किराया वसूल रहा है। वहीं बातचीत करने पर परिवहन विभाग अपने नए नियम का हवाला देकर मामले से पल्ला झाड़ता दिख रहा है लेकिन उत्तराखंड परिवहन निगम की बस में सफर कर रही महिलाओं, जो की खबर पड़ताल की पाठक भी हैं, द्वारा सूचना दी गई कि रक्षाबंधन के दिन हरिद्वार से गदरपुर आते समय उनसे टिकट की वसूली की गई। वहीं देहरादून से चंपावत को निकली महिला से भी टिकट लिया गया। जिसे सरकार की छवि पर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक और सरकार प्रदेश की जनता की हितैषी बनकर जनता को सुविधाएं देने में जुटी है, वहीं उन्हीं के विभाग के अधिकारी जनता को गुमराह कर अवैध वसूली में जुटे हुए हैं। वहीं खबर पड़ताल के पास पूरे मामले को लेकर सभी साक्ष्य उपलब्ध हैं।

वहीं पूरे मामले में परिवहन आयुक्त रोहित मीणा का कहना है कि मामला अभी संज्ञान में आया है, पूरे मामले की निष्पक्ष रूप से जांच की जाएगी। रक्षा बंधन के पर्व पर सरकार द्वारा जो फैसला लिया गया है उसका विभाग पूरी तरह से पालन करेगा। साथ ही उल्लंघन करने वाले पर आवश्यक कार्यवाही भी की जाएगी।

मुख्यमंत्री के तोहफे की परिवहन विभाग उड़ा रहा धज्जियां, रक्षा बंधन के दिन महिलाओं से हो रही वसूली; सरकार की छवि हो रही धूमिल