ओवरटेक विवाद ने पकड़ा तूल, पूर्व विधायक चैंपियन पर धमकी और जातिसूचक टिप्पणी के आरोप; वायरल वीडियो से मचा बवाल, गिरफ्तारी की मांग को लेकर भीम आर्मी उतरी मैदान में

Share the news

पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कार्रवाई की मांग, भीम आर्मी ने कोतवाली पहुंचकर गिरफ्तारी की उठाई मांग

लक्सर/हरिद्वार। खानपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। लक्सर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने उन पर फोन पर गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है, जबकि घटना से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस ने किसी भी पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया है।

जानकारी के अनुसार लक्सर कोतवाली क्षेत्र निवासी संजीव कुमार और पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के बीच वाहन ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसके बाद चैंपियन की ओर से फोन कर संजीव कुमार को भद्दी गालियां दी गईं और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि बातचीत के दौरान जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया।

शांतरशाह गांव निवासी जोगेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 जून की शाम वह अपने बहनोई संजीव कुमार के साथ कार से खेड़ी लौट रहे थे। रास्ते में एक कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया और कथित रूप से वाहन पर हाथ मारा। उन्होंने उस समय मामले को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन अगले दिन पुलिस द्वारा कोतवाली बुलाए जाने पर उन्हें पता चला कि संबंधित वाहन पूर्व विधायक का था।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मामले को सुलझाने के लिए उनके साथी वीर सिंह ने पूर्व विधायक को फोन किया, लेकिन बातचीत के दौरान संजीव कुमार को लगातार गालियां दी गईं। आरोप यह भी है कि जान से मारने की धमकी देने के साथ परिवार की महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक और गंभीर धमकियां भी दी गईं। पीड़ित पक्ष का दावा है कि बातचीत का वीडियो भी उनके पास मौजूद है।

मामले के तूल पकड़ने के बाद भीम आर्मी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। संगठन का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उधर, पूर्व विधायक के गनर संजय चौहान ने भी पुलिस को तहरीर देकर संजीव कुमार और चार अज्ञात लोगों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, पूर्व विधायक की गाड़ी को टक्कर मारने और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। उन्होंने भी मामले में कार्रवाई की मांग की है।

वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो पूरी तरह फर्जी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से तैयार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधी आगामी चुनावों को देखते हुए उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।

चैंपियन ने कहा कि लक्सर से गुजरने के दौरान उनकी सुरक्षा व्यवस्था को भेदने की कोशिश की गई और उनकी गाड़ी को टक्कर मारी गई थी। इसी संबंध में उनकी ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस द्वारा दूसरे पक्ष को बुलाए जाने के बाद उनके खिलाफ एआई जनरेटेड वीडियो तैयार कर वायरल किया गया।

वहीं, मामले पर पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं और तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो की भी जांच की जाएगी तथा सभी तथ्यों के सत्यापन के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

एसपी शेखर चंद सुयाल ने बताया कि कुछ लोग एक वीडियो के साथ थाने पहुंचे हैं। मामले की जांच कराई जा रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *