सत्र पूरा होने तक जारी रहेगा स्कूल संचालन, प्रशासन की मध्यस्थता से सुलझा विवाद,क्रिम्सन ग्रुप और भवन स्वामी के बीच बनी सहमति, छात्रों और स्टाफ के हितों की सुरक्षा का भरोसा

Share the news

रुद्रपुर। क्रिम्सन एजुकेशन ग्रुप द्वारा स्कूल संचालन को लेकर जारी विवाद के बीच अभिभावकों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित त्रिपक्षीय बैठक में यह सहमति बनी कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र पूरा होने तक स्कूल का संचालन पूर्ववत जारी रहेगा और किसी भी छात्र की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।

हाल के दिनों में स्कूल बंद किए जाने संबंधी नोटिस सामने आने के बाद अभिभावकों में असमंजस और चिंता का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने हस्तक्षेप करते हुए स्कूल प्रबंधन और भवन स्वामी पक्ष को वार्ता के लिए बुलाया। जिला अधिकारी, अपर जिला अधिकारी और उपजिलाधिकारी की मौजूदगी में हुई बैठक में बच्चों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।

बैठक में तय किया गया कि किसी भी छात्र अथवा अभिभावक पर ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) लेने या विद्यालय छोड़ने के लिए दबाव नहीं बनाया जाएगा। साथ ही शैक्षणिक सत्र समाप्त होने तक कक्षाएं नियमित रूप से संचालित की जाएंगी ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षाओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

प्रशासन ने विद्यालय भवन से जुड़े तकनीकी और रखरखाव संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा की। निर्णय लिया गया कि यदि किसी प्रकार के सुधार अथवा मरम्मत की आवश्यकता होगी तो भवन स्वामी द्वारा उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। इसके अलावा शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के हितों तथा रोजगार सुरक्षा को लेकर भी सकारात्मक आश्वासन दिया गया।

स्कूल भवन की स्वामी साक्षी छाबड़ा ने बताया कि प्रशासन की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही सत्र पूरा कराने का पक्ष रखा गया था और अब सभी पक्ष इस पर सहमत हैं। प्रशासन के इस हस्तक्षेप के बाद सैकड़ों अभिभावकों और विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *