स्विमिंग पूल बना मौत का कुंड: रामनगर के रिसॉर्ट में डूबने से 4 वर्षीय मासूम की मौत

Share the news

रामनगर। नैनीताल जनपद के रामनगर क्षेत्र स्थित सांवाल्दें के एक रिसॉर्ट में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल में नहाते समय चार वर्षीय मासूम बच्ची की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद रिसॉर्ट प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी सीताराम जांगिड़ अपने परिवार के साथ घूमने के लिए रामनगर आए हुए थे और सांवाल्दें स्थित एक रिसॉर्ट में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि उनकी चार वर्षीय बेटी अपने भाई के साथ रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल में नहा रही थी। इसी दौरान खेलते-खेलते वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।

परिजनों के अनुसार हादसे के समय माता-पिता पूल से करीब 100 मीटर दूर मौजूद थे। जब उन्हें बच्ची के डूबने की सूचना मिली तो परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्ची को पानी से बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. हिमांशु ने बताया कि बच्ची को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टर के अनुसार परिजनों ने बताया कि बच्ची की मौत स्विमिंग पूल में डूबने से हुई है।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल रहा। मासूम की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया। इस दर्दनाक हादसे ने वहां मौजूद लोगों को भी झकझोर कर रख दिया।

वहीं स्थानीय लोगों ने रिसॉर्ट प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि स्विमिंग पूल के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। पूल के पास न तो लाइफगार्ड मौजूद था और न ही सुरक्षा संबंधी चेतावनी बोर्ड या अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दिखाई दीं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर रिसॉर्ट में सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और रिसॉर्ट प्रबंधन की ओर से सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *