रुद्रपुर की सुशीला मेहंदीरत्ता बनीं उत्तराखंड बोर्ड इंटर की टॉपर, 98% अंकों के साथ प्रदेश में पहला स्थान, बिना कोचिंग के हासिल की सफलता, साधारण परिवार की बेटी ने बढ़ाया क्षेत्र का मान

Share the news

रुद्रपुर/ऊधम सिंह नगर।

उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में रुद्रपुर की होनहार छात्रा सुशीला मेहंदीरत्ता ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनके इस शानदार प्रदर्शन से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

सुशीला ने 500 में से 490 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि अपने नाम की। वह रुद्रपुर स्थित भंजूराम अमर देव इंटर कॉलेज की छात्रा हैं। परिणाम घोषित होने के बाद जैसे ही वह विद्यालय पहुंचीं, स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया गया और शिक्षकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सहपाठियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

सुशीला ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। उन्होंने बताया कि उनके पिता योगेश मेहंदीरत्ता और माता ममता मेहंदीरत्ता भूरारानी क्षेत्र में एक छोटा बुटीक संचालित करते हैं और हमेशा उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित करते रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया।

टॉपर सुशीला ने बताया कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के नियमित पढ़ाई के दम पर यह सफलता पाई। वह रोजाना करीब चार घंटे पढ़ाई करती थीं और मोबाइल फोन का उपयोग केवल शैक्षणिक सामग्री के लिए ही करती थीं। उनका कहना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और ईमानदारी से मेहनत की जाए, तो सफलता निश्चित है।

सुशीला की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे रुद्रपुर और जनपद ऊधम सिंह नगर का नाम रोशन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *