बिना हेलमेट बाइक सवारों से रुपये लेने पर एसआई और एएसआई निलंबित

Share the news

नैनीताल रोड पर चालान के बजाय रुपये लेने का आरोप, जांच में मामला सही पाए जाने पर एसएसपी ने की कार्रवाई

रुद्रपुर। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान रुपये लेने के आरोप में एसआई और एएसआई पर गाज गिरी है। नैनीताल रोड पर बिना हेलमेट बाइक सवार युवकों को रोककर चालान करने के बजाय रुपये लेने के मामले की जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसएसपी अजय गणपति ने एसआई राम सिंह और एएसआई बलवंत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

बुधवार को शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए यातायात पुलिस के साथ अन्य पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी। इसी दौरान नैनीताल रोड पर एसआई राम सिंह और एएसआई बलवंत सिंह ने बिना हेलमेट बाइक सवार कुछ युवकों को रोक लिया। आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने युवकों से बातचीत की। नियमों के उल्लंघन पर चालान करने के बजाय उन्हें छोड़ दिया गया।

बताया गया कि बातचीत के दौरान बाइक सवार युवक ने पुलिस के बुलेट वाहन की डिग्गी में कुछ रुपये डाल दिए। इसके बाद एसआई वहां पहुंचे और बुलेट वाहन लेकर चले गए। मौके पर हुई इस पूरी घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों तक पहुंची तो मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए गए।

जांच के बाद यातायात निरीक्षक ने एसआई राम सिंह और एएसआई बलवंत सिंह के विरुद्ध रिपोर्ट तैयार कर एसएसपी अजय गणपति को भेजी। रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि प्रकरण की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसआई राम सिंह और एएसआई बलवंत सिंह को निलंबित किया गया है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई से यातायात नियमों के पालन के साथ ड्यूटी में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर भी सख्त संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *