रुद्रपुर में शर्मनाक वारदात: महिला से छेड़छाड़, पति को पीटा, भाई के सिर पर ईंट मारी

रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप इलाके में होली खेलकर घर लौट रही महिला से चार युवकों ने छेड़छाड़ की। जब पति ने विरोध किया, तो आरोपियों ने लात-घूंसों और डंडों से बुरी तरह पीटा। बीच-बचाव करने आए महिला के भाई के सिर पर ईंट से हमला किया गया, जबकि भतीजे को भी घायल कर दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

घटना का विवरण

वार्ड नंबर 11 संजयनगर खेड़ा निवासी माही मंडल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 मार्च दोपहर 3 बजे वह अपने पति शशांक मंडल के साथ होली खेलकर घर लौट रही थी।

घर के पास विशाल, रोहित, सागर और ललित (सभी संजयनगर खेड़ा निवासी) ने उनका रास्ता रोककर छेड़छाड़ की। जब पति ने विरोध किया, तो आरोपियों ने दंपती को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों और डंडों से बुरी तरह पीटा।

परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला

मारपीट के दौरान महिला का भाई रंजीत तिवारी और भतीजा मानिक सरकार उन्हें बचाने आए, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया, सागर ने रंजीत तिवारी के सिर पर ईंट से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, विशाल ने मानिक सरकार के गाल पर काट लिया, जिससे उसके चेहरे पर सूजन आ गई।

अगले दिन फिर हुई छेड़छाड़, अपहरण की कोशिश

महिला ने बताया कि 15 मार्च की रात, जब वह सरकारी नल से पानी भरने गई, तो सागर और विशाल ने उसे जबरन पकड़ने की कोशिश की और अश्लील हरकतें की, वहां मौजूद शिवानी और अन्य महिलाओं ने उसे बचाया। महिला का आरोप है कि आरोपी लगातार धमकियां दे रहे हैं और उसे जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई

ट्रांजिट कैंप पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।