रुद्रपुर: न्यायालय परिसरों में सघन चेकिंग अभियान, एसएसपी अजय गणपति स्वयं पहुंचे, बीडीएस और डॉग स्क्वाड के साथ सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

न्यायालय परिसरों में सघन चेकिंग, एसएसपी अजय गणपति ने खुद संभाली कमान

रुद्रपुर, 20 फरवरी। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को सभी न्यायालय परिसरों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए गए।

अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी स्वयं रुद्रपुर न्यायालय परिसर में मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संयुक्त सर्च ऑपरेशन के तहत बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और डॉग स्क्वाड की टीमों ने न्यायालय परिसर के कोने-कोने की गहन तलाशी ली। न्यायालय कक्षों के आसपास के क्षेत्रों, पार्किंग स्थल, प्रवेश और निकास द्वारों सहित संवेदनशील स्थानों की विशेष जांच की गई।

न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की कड़ी चेकिंग और फ्रिस्किंग की गई। बिना जांच किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। साथ ही परिसर में प्रवेश करने वाले वाहनों की भी सघन तलाशी ली गई।

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर संवेदनशील स्थल होते हैं, ऐसे में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

अभियान के दौरान पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। इस कार्रवाई से न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है तथा आमजन में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।