गैस सिलेंडर की किल्लत में लूट का खेल! युवक को घेर डंडों-हेलमेट से पीटा, सिलेंडर-नकदी और मोबाइल लूटकर बदमाश फरार

Share the news

सिलेंडर की किल्लत के बीच गैस सिलेंडर लूट, युवक पर डंडों-हेलमेट से हमला

रुद्रपुर। शहर में रसोई गैस सिलेंडरों की बढ़ती मांग और किल्लत के बीच ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में सिलेंडर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक युवक को रास्ते में घेरकर न सिर्फ उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन और नगदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार जनपथ रोड महालक्ष्मी फेज-1 ट्रांजिट कैंप निवासी सुरेन्द्र पुत्र श्याम लाल शनिवार रात करीब आठ बजे गांव से घरेलू गैस सिलेंडर लेकर अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि जैसे ही वह जनपथ रोड स्थित ज्येष्ठा कॉलोनी के आगे पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ अज्ञात युवकों ने उसे जबरन रोक लिया।

पीड़ित का आरोप है कि बदमाश उसका सामान छीनने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडों और हेलमेट से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सुरेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट के बाद आरोपी उसका गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन और नगदी लूटकर मौके से फरार हो गए। घायल युवक ने किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पीड़ित ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों गैस सिलेंडरों की मांग बढ़ी हुई है और कई क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित होने से किल्लत जैसे हालात बने हुए हैं। ऐसे समय में सिलेंडर लूट की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *