इंस्टाग्राम पर बाल अश्लील वीडियो शेयर करने का मामला, युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
साइबर टिपलाइन रिपोर्ट के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
रुद्रपुर। इंस्टाग्राम पर बाल अश्लीलता से संबंधित वीडियो शेयर करने के आरोप में रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने एक युवक के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामला गृह मंत्रालय भारत सरकार के नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से प्राप्त साइबर टिपलाइन रिपोर्ट के आधार पर सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, गृह मंत्रालय भारत सरकार की ओर से संचालित नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से एसएसपी ऊधम सिंह नगर को एक रिपोर्ट मिली। जिसमें इंस्टा ग्राम पर बाल यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार संबंधी अश्लील वीडियो शेयर किए गए थे। जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि हिमांशु मिश्रा नाम के व्यक्ति की इंस्टा ग्राम आइडी से पांच फरवरी 2023 को बाल अश्लीलता संबंधी वीडियो शेयर की गई थी। जब मामले से जुड़े पेन ड्राइव को कंप्यूटर पर देखा गया तो उसमें तीन फाइल थी। इसमें एक में बालक और बालिका को यौन कृत्य करते दिखाया गया था। साथ ही मोबाइल नंबर भदईपुरा निवासी अजय मिश्रा के नाम पर रजिस्टर था। इस पर पुलिस ने आरोपित पर प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि बाल अश्लीलता संबंधी वीडियो शेयर करने वाले पर प्राथमिकी पंजीकृत की गई है। जांच की जा रही है, इसके बाद आरोपित की गिरफ्तारी की जाएगी।



