*”किच्छा” सरकारी जमीन अपने नाम बताकर कर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य को पुलिस ने दबोचा..*

सरकारी भूमि को अपना बताकर बेचने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलभट्टा पुलिस ने तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

दस नवंबर 2023 को अकील अहमद एवं तौफीक अहमद पुत्रगण तज्जन निवासी ग्राम कुरैय्या किच्छा ने पुलिस को दी तहारीर में मो. आरिफ उर्फ बाबू पुत्र मोहब्बत शाह निवासी वार्ड 20 इन्द्रानगर सिरौलीकलां मूल निवासी इस्लाम नगर वार्ड 3 सितारगंज और मो. अली पुत्र मो. शाह निवासी वार्ड 20 इन्द्रानगर सिरौलीकलां पर सरकारी जमीन को अपना बताकर 39 लाख में बेचने का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया था। शनिवार को पुलिस ने आरोपी मो. आरिफ को ग्राम भंगा भिल्लौर बहेडी बॉर्डर से 315 बोर के तमंचे व एक कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

उसने बताया कि उनके गिरोह का सरगना हाजी अबरार और उसका रिश्तेदार जावेद व वाहिद अवैध कॉलोनियां काटकर लोगों को स्टांप पर जमीन बेच देते हैं। पुलभट्टा थाना इंचार्ज कमलेश भट्ट ने बताया कि जांच में आरापियों की ओर से किच्छा, सितारगंज, पुलभट्टा, बहेड़ी आदि स्थानों पर फर्जीवाड़ा कर लोगों से लगभग चार करोड़ रुपये की ठगी करने की बात सामने आई है। आरोपी मो. आरिफ के खिलाफ एनआई एक्ट में कई मामले किच्छा न्यायालय में विचाराधीन हैं। पुलिस टीम में पुलभट्टा थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट, एसआई धीरज वर्मा, हेड कांस्टेबल धरमवीर सिंह, कांस्टेबल महेन्द्र सिंह, दीपक बिष्ट रहे।