पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट: 13 की मौत, 40 से ज्यादा घायल, मलबे में फंसे मजदूरों की तलाश जारी

Share the news

दर्दनाक।

त्रिशूर (केरल)। केरल के Thrissur जिले में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके ने तबाही मचा दी। त्रिशूर से करीब 30 किलोमीटर दूर मुंडाथिकोड इलाके में हुए इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 40 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है, क्योंकि कई लोग अभी भी मलबे में दबे हो सकते हैं।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में आगामी Thrissur Pooram के थिरुवंबाडी सेक्शन के लिए पटाखों की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसने पूरी फैक्ट्री को चंद सेकंड में मलबे में तब्दील कर दिया। धमाके के बाद मौके पर कई छोटे-छोटे विस्फोट भी होते रहे, जिससे बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं।
घटना के बाद दम घोंटने वाले धुएं और आग के बीच राहत और बचाव टीमें मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटी हैं। कई मजदूरों के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे पर प्रधानमंत्री Narendra Modi ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, मुख्यमंत्री Pinarayi Vijayan ने अधिकारियों को त्वरित राहत एवं चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य की स्वास्थ्य मंत्री Veena George ने भी अतिरिक्त मेडिकल टीमों और “108” एंबुलेंस सेवाओं को मौके पर भेजने का आदेश दिया है। जिला प्रशासन ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं, जिसकी जिम्मेदारी रेवेन्यू डिविजनल ऑफिसर (RDO) को सौंपी गई है।
फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन का कहना है कि विस्फोट के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ लापता मजदूरों की तलाश प्राथमिकता पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *