“अस्पताल है या कूड़ाघर?” हरिद्वार जिला अस्पताल में गंदगी देख भड़के स्वास्थ्य मंत्री, सीएमएस को लगाई फटकार; औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप

Share the news

हरिद्वार। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने रविवार को हरिद्वार जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर वहां की बदहाल व्यवस्थाओं पर अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। अस्पताल में गंदगी और अव्यवस्था देखकर मंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने सीएमएस समेत अस्पताल प्रशासन को फटकार लगाते हुए कहा, “क्या हालत हैं आपके वॉशरूम की? सफाई करने में क्या दिक्कत है? अस्पताल कम, कूड़ाघर ज्यादा लग रहा है।”

दरअसल स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल निजी कार्यक्रम में शामिल होने हरिद्वार पहुंचे थे। वीआईपी घाट पर रीता बहुगुणा जोशी के दिवंगत पति पीसी जोशी के अस्थि विसर्जन संस्कार में शामिल होने के बाद उन्होंने बिना पूर्व सूचना जिला अस्पताल का निरीक्षण कर लिया। मंत्री के अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। वॉशरूम से लेकर वार्डों तक गंदगी देख मंत्री नाराज हो गए। उन्होंने अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट (सीएमएस) आरवी सिंह से जवाब तलब किया, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर जमकर फटकार लगाई। मंत्री की नाराजगी के बाद अस्पताल स्टाफ में सन्नाटा छा गया।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को तत्काल व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है और अस्पतालों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि राज्य के सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता, रखरखाव और मरीजों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि अस्पतालों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और जहां भी लापरवाही मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद से मंत्री लगातार अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *