रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर):
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन-1905 पर लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 30 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और बिना उचित कार्रवाई के किसी भी शिकायत को फोर्स क्लोज न किया जाए।
शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई अधिकारी बिना पर्याप्त कार्यवाही के शिकायत को जबरन बंद करता है, तो उसकी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि फोर्स क्लोज करने से पहले जिलाधिकारी, विभागाध्यक्ष या संबंधित सचिव की संस्तुति अनिवार्य होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन-1905 केवल एक नंबर नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और अपेक्षाओं का माध्यम है। ऐसे में हर शिकायत का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करते हुए किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनका फीडबैक लिया जाए और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जिलाधिकारी स्तर पर हर सप्ताह और विभागीय सचिव स्तर पर प्रत्येक माह कम से कम दो बार शिकायतों की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हेल्पलाइन की सफलता का सही आकलन तभी होगा, जब आम जनता को यह महसूस हो कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद भी किया। बैठक में मंडलायुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत समेत जनपद के कई वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।




