कनाडा पहुंचते ही पति ने छोड़ा साथ, ससुराल ने मांगे एक करोड़ रुपये, दहेज के लिए मारपीट कर भारत भेजने का आरोप

रुद्रपुर। शादी के बाद पति के साथ कनाडा पहुंची महिला के उत्पीड़न का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। मेट्रोपोलिस सिटी निवासी डॉ. अंकिता प्रियदर्शी ने पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और मायके से एक करोड़ रुपये लाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक कनाडा पहुंचने के बाद पति ने उसे अकेला छोड़ दिया और दूसरी युवती से संबंध बना लिए। शिकायत के बाद न्यायालय के आदेश पर पंतनगर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

शिकायत के अनुसार अंकिता का विवाह वर्ष 2018 में दिल्ली निवासी विनीत चुघ के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष मायके से रुपये लाने के लिए दबाव बनाने लगा। पीड़िता का कहना है कि उसने अपनी ओर से जुटाए रुपये भी ससुराल वालों को दिए, लेकिन मांगें खत्म नहीं हुईं।

 

इसके बाद वह पति के साथ कनाडा चली गई। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद पति ने उसे अकेला छोड़ दिया और दूसरी युवती से संबंध बना लिए। इधर, ससुराल पक्ष की ओर से उस पर एक करोड़ रुपये लाने का दबाव बनाया जाता रहा।

 

महिला का आरोप है कि रकम देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की गई। बाद में उसे भारत भेज दिया गया। आरोप है कि इस दौरान उसके जेवर, लैपटॉप और जरूरी दस्तावेज भी रख लिए गए।

 

थाना पंतनगर में शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद अंकिता ने न्यायालय की शरण ली। मामले में पति विनीत चुघ, सास ललिता चुघ, जेठ सुमित चुघ और जेठानी गिन्नी चुघ को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है।