रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में संदिग्ध हालात में सड़क किनारे घायल मिले 43 वर्षीय व्यक्ति की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसके सिर पर गंभीर चोट लगी थी और खून बह रहा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूलरूप से ग्राम तला महुआखेड़ा, थाना बेगमगंज, जिला रायसेन (मध्य प्रदेश) निवासी आनंद कुमार (43) पुत्र इमरत सिंह ट्रांजिट कैंप की जनपद रोड पर परिवार के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि आनंद कुमार शराब पीने के आदी थे। मंगलवार दोपहर वह घर पर खाना खाने के बाद कहीं जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े मिले। उनके सिर से खून बहता देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर उनका पुत्र अनिकेत भी मौके पर पहुंच गया। परिजन आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर एएसआई रमेश चंदोला पुलिसकर्मियों के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया शराब के नशे में गिरने से सिर में चोट लगना मौत का कारण प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
