पॉक्सो के वांछित आरोपी के घर कुर्की का नोटिस चस्पा, गिरफ्तारी नहीं होने पर कोर्ट से मिली अनुमति, अब समर्पण नहीं किया तो होगी कुर्की

रुद्रपुर। पॉक्सो के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी के खिलाफ रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर जल्द गिरफ्तारी या न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है।

 

पुलिस के मुताबिक आदर्श कॉलोनी निवासी मलकीत सिंह पुत्र गुरुसवक के खिलाफ मई में धारा 137(2), 64 बीएनएस और 5/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा है। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक कर रही हैं।

 

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। इसके बाद विवेचक ने न्यायालय से आरोपी के खिलाफ कुर्की का नोटिस जारी करने की अनुमति मांगी। न्यायालय की अनुमति मिलने पर पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची और धारा 84 बीएनएसएस के तहत कुर्की का नोटिस चस्पा किया।

 

पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपी ने जल्द पुलिस या न्यायालय के समक्ष समर्पण नहीं किया तो न्यायालय के आदेश पर धारा 85 बीएनएसएस के तहत उसके घर की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार है।