रुद्रपुर। परिवार न्यायालय परिसर में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान एक महिला के साथ मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़िता ने पंतनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सितारगंज क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर निवासी सुमन लता ने बताया कि वह अपने क्लाइंट राजवती के पारिवारिक वाद के सिलसिले में परिवार न्यायालय रुद्रपुर गई थीं। आरोप है कि कोर्ट परिसर के बाहर नीतू गुप्ता और राजकुमार के बीच विवाद हो रहा था। जब उन्होंने बीच-बचाव का प्रयास किया तो नीतू गुप्ता ने उन्हें गालियां दीं और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए हमला कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई, बाल खींचे गए और चरित्र पर भी अभद्र टिप्पणियां की गईं। शोर-शराबा सुनकर अन्य अधिवक्ताओं के मौके पर पहुंचने पर मामला शांत हुआ। जाते समय आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।
सुमन लता ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई, जिसकी शिकायत संख्या भी दर्ज है। उन्होंने पुलिस से आरोपित महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




