खनन कारोबारियों से रिश्वत मांगना पड़ा भारी, चौकी का कांस्टेबल 45 हजार लेते विजिलेंस के हत्थे चढ़ा, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज

Share the news

रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया पुलिस कांस्टेबल, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

नैनीताल/हल्द्वानी। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने भवाली थाना क्षेत्र की चौकी बेतालघाट में तैनात एक पुलिस आरक्षी को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कांस्टेबल की पहचान दीपक सामन्त के रूप में हुई है, जो मूल रूप से खटीमा के चकरपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। कार्रवाई 25 मई को विजिलेंस सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम द्वारा की गई।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि चौकी बेतालघाट में तैनात पुलिसकर्मी खनन कार्य में लगे लोगों से 65 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। आरोप था कि रकम नहीं देने पर ‘साई क्रिएशन’ के कार्य को रुकवाने, वाहनों को रोकने, चालान करने और सीज करने की धमकी दी जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी ने मामले की प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल दीपक सामन्त को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी आरक्षी खनन पट्टे से निकलने वाले वाहनों को अनावश्यक रूप से रोकता था और कार्रवाई का भय दिखाकर अवैध वसूली करता था। लगातार दबाव बनाए जाने के बाद शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से संपर्क किया।

सतर्कता अधिष्ठान ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम की सराहना करते हुए उन्हें नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही आम जनता से भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1064 और 9456592300 पर करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *