*Crime News” यहां वकील के चैंबर में पहुंचा बुजुर्ग और फिर अचानक तान दिया तमंचा, कोर्ट कैंपस में मच गई अफरा-तफरी और फिर आगे…*

यूपी के बांदा जिले में कोर्ट कैंपस में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बुजुर्ग ने एक वकील के बस्ते (चैंबर) पर पहुंचकर तमंचा तान दिया. इससे अफरा-तफरी मच गई. वकील ने भागकर अपनी जान बचाई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा बरामद किया और गिरफ्तार कर कोतवाली ले जाकर पूछताछ कर रही है.

 

मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के कोर्ट कैंपस का है. शाम करीब 4 बजे बृजबिहारी नाम का एक व्यक्ति अपने वकील से मिलने कोर्ट पहुंचा. उसका कोई मामला कोर्ट में चल रहा है. मुकदमे को लेकर वकील से उसका विवाद शुरू हो गया. इस पर उसने तमंचा तान दिया. अधिवक्ताओं का आरोप तो यह भी है कि उसने गोली चलाने का प्रयास किया. हालांकि, अधिवक्ता अरविंद पांडेय बाल-बाल बच गए.

 

आसपास मौजूद वकीलों ने उसे पकड़कर सीधे कोर्ट में पेश किया. फिर पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा बरामद किया है. इस घटना को लेकर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक दीक्षित ने बताया कि सीनियर अधिवक्ता अरविंद पांडेय अपने बस्ते पर काम कर रहे थे. उसी बीच बृजबिहारी आया. वो शराब के नशे में था. आते ही उसने एक अधिवक्ता का नाम पूछा।

 

इस पर हमारे अधिवक्ता ने कहा कि बैठिए, बुला रहे हैं. इतने में वो भड़क गया और कट्टा निकालकर फायर करने की कोशिश की. अधिवक्ता ने किसी तरह अपनी जान बचाई. वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने दौड़कर उसे पकड़ा और सीधे CJM के सामने पेश किया. इस दौरान तमंचा बरामद हुआ. मगर, कारतूस उसने फेंक दिया था, जिसे पुलिस खोज रही है.

 

कोर्ट ने मामले का संज्ञान लिया है. आदेश पर मामला दर्ज किया जा रहा है. पुलिस जांच कर रही है. हम सभी एसपी से मिलकर इस मामले में कार्रवाई की मांग करेंगे. ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो. ये घटना पुलिस की लापरवाही है. सुरक्षा में तैनात जवान अलर्ट होते तो ऐसी घटना न होती. वहीं, SHO कोतवाली नगर अनूप दुबे ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है. उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज आगे की कार्रवाई की जा रही है।