महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस, केंद्र सरकार का पुतला फूंका, रुद्रपुर में जोरदार प्रदर्शन: पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों पर जताया आक्रोश, उग्र आंदोलन की चेतावनी

Share the news

​रुद्रपुर। पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा रविवार को सड़कों पर फूट पड़ा। भगत सिंह चौक पर सैकड़ों की संख्या में एकत्रित हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा एवं महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने किया।

​प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बेकाबू हो चुकी महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी है। पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण मालभाड़ा बढ़ा है, जिससे खाद्य पदार्थों समेत रोजमर्रा की हर जरूरी वस्तु महंगी होती जा रही है। इसका सबसे बुरा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।

​पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बढ़ती कीमतों पर रोक नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस जनता के हित में सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी।

​जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई इस वक्त अपने चरम पर है। सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आम जनता की आर्थिक स्थिति दिन-प्रतिदिन कमजोर होती जा रही है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाते हुए जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।

​महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने रसोई बजट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि रसोई गैस, खाद्य तेल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे घरेलू महिलाओं का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और घर चलाना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से तत्काल जनता को राहत देने की मांग की।

​ये रहे मौजूद:

प्रदर्शन में मुख्य रूप से योगेश चौहान, संदीप चीमा, गोपाल भसीन, ब्लॉक अध्यक्ष पवन बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हालदार, संजय ठुकराल, प्रगट सिंह संधू, गुरविंदर सिंह, सुखवंत सिंह विर्क, खेम सिंह कोटिया, ललित बिष्ट, पूर्व पार्षद बबलू सागर, नवीन खेतवाल, इंद्र रौतेला, आनंद शर्मा, सतनाम सिंह मक्कड़, शिवकुमार, मानस बैरागी समेत भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता व स्थानीय पार्षद मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *