उत्तराखंड में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच फिर झड़प, जोशीमठ में पार्किंग विवाद बना वजह..

उत्तराखंड में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच टकराव के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला चमोली जिले के जोशीमठ का है, जहां पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

जानकारी के मुताबिक, जोशीमठ के बदरीनाथ हाईवे पर द्रोणागिरी होटल के पास पार्किंग को लेकर सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यक्ति के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।

घायलों में शामिल हैं पार्किंग मालिक टीका प्रसाद नंबूदरी और उनका बेटा गौरव, जिन्हें सिर में गंभीर चोटें आई हैं और टांके लगाने पड़े हैं।

बताया जा रहा है कि सिख श्रद्धालु गुरुवार को नीलकंठ होटल में ठहरे थे और अपनी गाड़ी पास की एक निजी पार्किंग में खड़ी की थी। शुक्रवार सुबह गाड़ी निकालते वक्त पाइप टूटने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो झगड़े में बदल गया।

स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति काबू में आई। पुलिस ने सिख श्रद्धालुओं को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है।

जोशीमठ थाना प्रभारी देवेंद्र रावत ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि दो दिन पहले श्रीनगर में भी सिख श्रद्धालुओं का स्थानीय लोगों से विवाद हुआ था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। लगातार हो रहे इन मामलों से तीर्थ यात्रा के दौरान शांति और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।