“सज्‍जाद मियां की मजार पर चला बुलडोज़र, NH 74 चौड़ीकरण के लिए ध्वस्तीकरण – प्रशासन अलर्ट पर”

उत्तराखंड की धामी सरकार एक बार फिर एक्शन मोड में है। इस बार बुलडोज़र चला है रुद्रपुर के इंदिरा चौक पर स्थित एक पुरानी मजार पर। जी हां, सज्जन मियां और सज्जाद मियां की मजार को आज सुबह भारी पुलिस सुरक्षा के बीच जमींदोज़ कर दिया गया।

एनएच 74 के चौड़ीकरण की प्रक्रिया के तहत आने वाली इस मजार को अवैध घोषित किया गया था। प्रशासन ने पहले ही नोटिस जारी किया था, लेकिन तय समय सीमा में मजार नहीं हटाई गई।

आज सुबह तड़के करीब 4 बजे, प्रशासन और एनएचएआई की टीम बुलडोज़र लेकर मौके पर पहुंची। भारी सुरक्षा बल के बीच मजार को गिरा दिया गया।

(एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी):

“हमने पूरी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की है। मजार अवैध थी और नोटिस के बावजूद नहीं हटाई गई। इसलिए आज इसे हटाया गया।”

कार्रवाई इतनी गोपनीय थी कि न मीडिया को भनक लगी, न आम लोगों को। इंदिरा चौक के आसपास का पूरा इलाका सील कर दिया गया था, ट्रैफिक पूरी तरह रोक दिया गया, और मीडिया को भी दूर रखा गया।

करीब दो घंटे चली इस कार्रवाई के बाद मजार पूरी तरह से ध्वस्त कर दी गई और इलाके में यातायात बहाल कर दिया गया। हालाँकि, किसी भी संभावित तनाव से निपटने के लिए अभी भी भारी पुलिस बल तैनात है।

फिलहाल प्रशासन की नजर हर गतिविधि पर बनी हुई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।