सोशल मीडिया पर झूठे प्रचार और धमकी के मामले में ब्लॉगर बिरजू मयाल गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, झूठे आरोप लगाने और धमकी देने के आरोप में ब्लॉगर बिरजू मयाल को रामनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें अवैध वसूली, छेड़छाड़ और धमकी जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार 27 जुलाई को थाना रामनगर में तीन अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गईं।

पहली शिकायत राकेश नैनवाल, निवासी ग्राम ढिकुली ने दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने बताया कि बिरजू मयाल ने उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस पर धारा 351(3)/352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

दूसरी शिकायत दिनेश मेहरा, निवासी शिवलालपुर रामनगर ने दी। उन्होंने बताया कि बिरजू ने उनसे ₹10,000 की मांग की, और मना करने पर गाली-गलौज और धमकी दी। पुलिस ने इस पर धारा 308(2)/351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया।

तीसरी शिकायत भरतपुरी निवासी नीमा देवी ने दी, जिसमें उन्होंने कहा कि 13 जुलाई को जब बिरजू और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा हो रहा था और उन्होंने बीच-बचाव किया, तो बिरजू ने उनके साथ अभद्रता, गाली-गलौज और छेड़छाड़ की। इस पर पुलिस ने धारा 74/115(2)/351(3)/352 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि बिरजू मयाल लंबे समय से सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कर रहा था। वह बिना प्रमाण लोगों पर आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करता और डराकर पैसे वसूलता था।

पुलिस टीम ने 27 जुलाई को रामपुर रोड हाईवे स्थित मंडी गेट के पास से आरोपी बिरजू मयाल पुत्र उमेद मयाल, निवासी नाथूझाला कोटाबाग को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गगन दीप, उपनिरीक्षक तारा सिंह राणा, उपनिरीक्षक राजकुमारी, कांस्टेबल अमित राणा और कांस्टेबल शेखर शामिल थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ पहले से भी कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मामले की जांच गहनता से की जा रही है।