बरेली/किच्छा, 2 जून। बरेली के चर्चित दंगा प्रकरण में नामजद आरोपी गफ्फार खान उर्फ दरऊ प्रधान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मामले की जांच कर रही बहेड़ी पुलिस ने न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद आरोपी को पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर लिया और उसकी निशानदेही पर उत्तराखंड के किच्छा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को लेकर टीम नारायण नगला रोड स्थित एक बंद पड़े ईंट भट्टे पर पहुंची। यहां ईंटों के ढेर में छिपाकर रखे गए एक बैग की तलाशी लेने पर 7.65 बोर की एक विदेशी पिस्टल, दो अवैध 315 बोर तमंचे तथा कई जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि इस मामले के तार फरवरी 2026 में पकड़े गए दो हथियार तस्करों से जुड़ते हैं। पुलिस ने उस समय तस्लीम और सोमू खान नामक आरोपियों को हथियारों की खेप के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने गफ्फार खान का नाम लिया था और हथियार आपूर्ति से जुड़े कई अहम खुलासे किए थे। इसके बाद से पुलिस लगातार आरोपी की गतिविधियों और उसके नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई थी।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गफ्फार खान के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, अवैध खनन, गुंडा एक्ट समेत अन्य संगीन अपराध शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद हथियारों के स्रोत और इनके इस्तेमाल की संभावनाओं की जांच की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।



