“उत्तराखंड समेत चार राज्यों में एवलॉन्च अलर्ट, प्रशासन हाई अलर्ट पर”

उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। डीजीआरई चंडीगढ़ ने 2500 मीटर से ऊंचाई वाले इलाकों में एवलॉन्च की संभावना जताई है। चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के लिए भी खास अलर्ट जारी किया गया है।

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीजीआरई) चंडीगढ़ ने उत्तराखंड सहित चार राज्यों में एवलॉन्च का अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के मुताबिक, उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन का खतरा है। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान:

मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में गरज और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। वहीं, देहरादून और टिहरी में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के मुताबिक, 4 मार्च सुबह 10 बजे तक ऊपरी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।

चमोली में 28 फरवरी को आया था एवलॉन्च:

गौरतलब है कि 28 फरवरी को चमोली जिले में बदरीनाथ धाम के पास माणा गांव में बड़ा एवलॉन्च आया था। इस हादसे में बीआरओ के 54 मजदूर फंस गए थे, जिनमें से 46 को सेना और आईटीबीपी ने सुरक्षित बचा लिया था, लेकिन 8 मजदूरों की जान चली गई थी। इस रेस्क्यू ऑपरेशन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की भी नजर थी, जो लगातार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अपडेट ले रहे थे।

तीन दिन चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान खराब मौसम ने काफी बाधाएं पैदा कीं। अब, नए एवलॉन्च अलर्ट के बाद प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों से ऊंचाई वाले इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है।