रुद्रपुर। आगामी धार्मिक आयोजन को देखते हुए जिले में मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को रुद्रपुर और काशीपुर में ताबड़तोड़ छापेमारी की। संयुक्त टीमों ने डेयरी, होटल, मिठाई प्रतिष्ठानों और खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री केंद्रों को खंगाला। अभियान के दौरान कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए कब्जे में लिए गए, जबकि मानकों की अनदेखी और गंदगी में खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
रुद्रपुर क्षेत्र में टीम ने गंगापुर रोड और मुख्य बाजार क्षेत्र की विभिन्न डेयरियों का निरीक्षण किया। आनंद डेयरी से पनीर का नमूना लिया गया। वहीं हरसाराज डेयरी से पनीर, घी और मक्खन के नमूने लिए गए। कृष्णा डेयरी से भी पनीर और घी का नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण में अनावश्यक परिस्थितियां पाए जाने पर एक प्रतिष्ठान में निर्माण कार्य तत्काल बंद कराया गया और संचालक को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
इधर काशीपुर क्षेत्र में भी खाद्य सुरक्षा टीम ने कार्रवाई तेज की। बाजपुर दोराहा क्षेत्र में यूपी से आ रहे वाहनों की चेकिंग के दौरान एक वाहन से पनीर के दो नमूने लिए गए। दोराहा स्थित प्रतिष्ठान से दही का नमूना भी लिया गया। रामनगर रोड स्थित एक प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना लिया गया। इसके अलावा अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के निर्माण और भंडारण की स्थिति जांची गई।
सभी 12 नमूने राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा मानकों और लाइसेंस संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और मिलावटखोरों पर किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।




