पुलिस महकमे में शोक की लहर
मुनि की रेती/टिहरी। टिहरी जनपद के मुनि की रेती थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा का निधन हो गया। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिवंगत अधिकारी के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा सोमवार रात मुनि की रेती क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात थे। मंगलवार सुबह ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने निजी वाहन से शिवपुरी चौकी लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक उन्हें नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई और गंभीर रूप से घायल विनोद शर्मा को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी अस्पताल तथा घटनास्थल पर पहुंच गए। अपने कर्तव्यनिष्ठ व्यवहार, सरल स्वभाव और कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले विनोद शर्मा के असामयिक निधन से पुलिस विभाग को बड़ी क्षति पहुंची है।
इनसेट कोट
“चौकी प्रभारी विनोद शर्मा नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने निजी वाहन से शिवपुरी लौट रहे थे। रास्ते में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।”
— योगेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक, मुनि की रेती थाना
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत चौकी प्रभारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। पूरे क्षेत्र में इस दुखद घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।



