दिनेशपुर में पर्चा दिखाकर पैसा मांग रहीं दर्जनभर युवतियां थाने पहुंची, पूछताछ के बाद चेतावनी देकर छोड़ा

दिनेशपुर क्षेत्र में बुधवार को पर्चा दिखाकर लोगों से आर्थिक मदद मांग रही दर्जनभर युवतियों को हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने सभी युवतियों से थाने में पूछताछ की और सख्त हिदायत के बाद छोड़ दिया।

घटना दिनेशपुर नगर क्षेत्र की है, जहां दर्जनभर युवतियां पर्चा दिखाकर लोगों से समूह बनाकर आर्थिक मदद मांग रही थीं। इस पर स्थानीय हिंदूवादी संगठनों को संदेह हुआ और उन्होंने युवतियों को रोककर पूछताछ की। आरोप है कि ये युवतियां राह चलते वाहनों को भी रोककर जबरन पैसे वसूल रही थीं।

सूचना मिलने पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और युवतियों को थाने ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को थाने लाकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान जब युवतियों से पहचान पत्र मांगे गए, तो वे कोई वैध आईडी दिखा नहीं पाईं। महिला कांस्टेबल की मौजूदगी में पूछताछ की गई और सभी को सख्त चेतावनी देने के बाद छोड़ दिया गया।

(बजरंग दल संयोजक पंकज चक्रवर्ती):

हमें सूचना मिली थी कि कुछ युवतियां नगर में घूम-घूमकर राह चलते लोगों से जबरन पैसे वसूल रही हैं। हमारी टीम ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की और पुलिस को सूचना दी। हमने उन्हें पुलिस के हवाले किया।