24 घंटे में पांच सड़क हादसों ने उत्तराखंड को झकझोरा, 17 की मौत, 38 घायल, बारातियों की जीप खाई में गिरी, गूलर में नदी के गदेरे में समाई यात्री बस; स्कूटी और यूटिलिटी हादसों में भी गई जान

देहरादून। उत्तराखंड में सड़क हादसों ने 24 घंटे के भीतर ऐसा कहर बरपाया कि पांच दुर्घटनाओं में 17 लोगों की जान चली गई, जबकि 38 लोग घायल हो गए। रुद्रप्रयाग और टिहरी गढ़वाल जिलों में हुए इन हादसों से पहाड़ का जनजीवन सहम उठा। कहीं शादी की खुशियां मातम में बदल गईं तो कहीं यात्रियों से भरी बस पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसों के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शोक जताया।

 

पहला हादसा सोमवार रात करीब नौ बजे रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में हुआ। पोखरी में शादी समारोह संपन्न होने के बाद बारातियों को लेकर लौट रही जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चार घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर गढ़वाल रेफर किया गया। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान में दिक्कतें आईं, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू पूरा किया गया।

 

अभी इस हादसे का सदमा कम भी नहीं हुआ था कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे ऋषिकेश से 20 किलोमीटर आगे गूलर के पास दूसरा बड़ा हादसा हो गया। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी बस पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी। बस में 34 लोग सवार थे। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। एसडीआरएफ, पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

 

उधर, टिहरी जिले में भी तीन हादसों ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। सोमवार रात करीब सवा दस बजे शिवपुरी क्षेत्र में स्कूटी दुर्घटना में टिहरी निवासी 25 वर्षीय आशीष और 32 वर्षीय प्रेम सिंह की मौत हो गई। वहीं घनसाली के चमियाला-बूढ़ाकेदार मोटर मार्ग पर भटेड़ी बैंड के पास स्कूटी और ट्रक की भिड़ंत में 35 वर्षीय सुरेंद्र सिंह की जान चली गई।

 

पांचवीं दुर्घटना में टिहरी के बांसलकाटा के पास एक यूटिलिटी कैंपर करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक 50 वर्षीय वीर सिंह की मौत हो गई।

 

लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।