धान का भुगतान और मुआवजा नहीं मिलने पर कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठे किसान-मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

 

रुद्रपुर। धान खरीद के डेढ़ महीने बाद भी भुगतान नहीं मिलने और ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों का मुआवजा अटकने से नाराज संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी और किसान कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गए। किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई।

इस दौरान किसानों ने कहा कि सरकारी केंद्रों पर धान बेचने के बावजूद कई किसानों को अब तक भुगतान नहीं मिला है। वहीं, कृषि सीजन में डीएपी खाद की किल्लत और कालाबाजारी ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बाजपुर, काशीपुर और गदरपुर में ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद होने के बावजूद प्रभावित किसानों को मुआवजा नहीं मिला है।

किसानों ने पर्याप्त डीएपी उपलब्ध कराने, बकाया भुगतान तत्काल जारी करने और नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की। मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।