नगला तराई में 2.54 करोड़ से बने मां पूर्णागिरि मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा, सीएम ने किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की पूजा-अर्चना, धर्मशाला और हाईटेक शौचालय का भी किया उद्घाटन

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नगला तराई स्थित नवनिर्मित मां पूर्णागिरि मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कर विधिवत पूजा-अर्चना की। 2.54 करोड़ रुपये की लागत से तैयार मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने धर्मशाला और हाईटेक शौचालय का भी लोकार्पण किया। उन्होंने मां पूर्णागिरि से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता की कामना की।

मंदिर पहुंचने पर समिति के पदाधिकारियों, पुजारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों का कुशलक्षेम जाना और प्रसाद वितरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक परंपराएं और आस्था के केंद्र समाज को सकारात्मक ऊर्जा देने के साथ एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं। धार्मिक स्थलों का संरक्षण और विकास हमारी परंपराओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रीय श्रद्धालु मौजूद रहे।