ऊधमसिंह नगर में प्रशासनिक फेरबदल, पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में निदेशक प्रशासन एवं मॉनीटरिंग के साथ सीईओ बनाए गए
रुद्रपुर। उत्तराखंड शासन की ओर से किए गए पीसीएस अधिकारियों के तबादलों में ऊधमसिंह नगर जिले में भी बड़ा बदलाव हुआ है। जिले में तैनात एसडीएम मनीष बिष्ट का तबादला कर उन्हें रुद्रपुर से कुछ ही दूरी पर स्थित पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें विश्वविद्यालय में निदेशक प्रशासन एवं मॉनीटरिंग के साथ मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनाया गया है।
मनीष बिष्ट वर्तमान में ऊधमसिंह नगर में डिप्टी कलेक्टर के साथ क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। शासन के नए आदेश के बाद अब उन्हें पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में प्रशासनिक और मॉनीटरिंग से जुड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी।
इसके अलावा जिले में तैनात डिप्टी कलेक्टर अमय प्रताप सिंह को देहरादून, तुषार सैनी और गौरव पांडेय को नैनीताल भेजा गया है। रुद्रपुर नगर निगम की उप नगर आयुक्त शिखा जोशी का भी तबादला नैनीताल कर दिया गया है। वहीं अनुता शर्मा को भी नैनीताल में नई तैनाती दी गई है।
दूसरी ओर नैनीताल में तैनात डिप्टी कलेक्टर रेखा कोहली और अल्मोड़ा में तैनात संजय कुमार को ऊधमसिंह नगर भेजा गया है। शासन ने सभी तबादलों को तत्काल प्रभाव से लागू करते हुए अधिकारियों को नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
