रुद्रपुर। विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर युवक को अल्बानिया भेजने के नाम पर रकम और दस्तावेज लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक माह गुजरने के बाद भी युवक को विदेश नहीं भेजा गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आवास विकास स्थित इमीग्रेशन कार्यालय को सील कर दिया गया है।
ग्राम सहदौरा, बरा निवासी शमसेर पुत्र रहीश अहमद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब एक माह पहले उसकी मुलाकात प्रीत विहार निवासी मोहम्मद अलीम पुत्र जमील अहमद से हुई थी। अलीम ने खुद को जेड ग्लोबल कैरियर इमीग्रेशन सर्विस से जुड़ा बताते हुए अल्बानिया, आर्मेनिया और रूस समेत कई देशों में वर्क परमिट पर नौकरी दिलाने की बात कही थी।
शमसेर के अनुसार, बेटे अयान अहमद को अल्बानिया भेजने के लिए आरोपी ने दो लाख 25 हजार रुपये खर्च बताया। साथ ही वेयरहाउस में नौकरी और 70 से 80 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलने का भरोसा दिया। इस पर उन्होंने बेटे का पासपोर्ट, कंप्यूटर डिप्लोमा और अंकपत्र सौंपने के साथ 20 हजार रुपये जमा कर दिए। बाकी रकम वीजा आने के बाद देने की बात तय हुई। बेटे का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
आरोप है कि एक माह बीतने के बावजूद न तो वीजा मिला और न ही पासपोर्ट वापस किया गया। इसके बजाय शेष रकम मांगी जा रही है। शिकायतकर्ता ने आरोपी के पास विदेश में नौकरी के लिए भेजने संबंधी आवश्यक इमीग्रेशन पंजीकरण नहीं होने का आरोप भी लगाया है। अन्य युवकों को पर्यटक वीजा पर विदेश भेजने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है।
सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आवास विकास स्थित इमीग्रेशन कार्यालय को सील कर दिया गया है।
